छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 5 लाख रुपये का मवेशी और चोरी का सामान बरामद किया है।
कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब 5 लाख रुपए का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
कैसे दिया गया था वारदात को अंजाम?
फरियादी ने चारामा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि गत 6 सितंबर को वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर बरपारा रतेसरा गया था। जब शाम करीब 7:30 बजे परिवार वापस लौटा, तो घर के सामने का मुख्य दरवाजा खुला मिला और उसका ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब 2.30 लाख रुपए का सामान गायब था, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई थी।
चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे आरोपी
जांच के दौरान चारामा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध अवस्था में चारामा क्षेत्र में सोने-चांदी के आभूषण बेचने की कोशिश कर रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान कैलाश कावड़े (निवासी करलखा मुरियापारा, नारायणपुर) और जगिता सलाम (निवासी कुरिष्ठिकुर, थाना कोरर, जिला कांकेर, हाल ग्राम दरगहन, चारामा) के रूप में बताई।
न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने रतेसरा गांव के सूने मकान में चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सारा माल बरामद कर लिया, जिसकी कुल कीमत बाजार में लगभग 5 लाख रुपए आंकी गई है। चारामा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।