Local

गरियाबंद में खाद चोरी का अजीब मामला: कंधे पर यूरिया बांधकर निकाला जुलूस

2026-09-11 08:43:54 bhaskar_hindi
गरियाबंद में खाद चोरी का अजीब मामला: कंधे पर यूरिया बांधकर निकाला जुलूस

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में यूरिया खाद चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने दो युवकों को अनोखी सजा दी। आरोपियों के कंधे पर खाद की बोरी बांधकर ढोल-नगाड़ों के साथ गांव में जुलूस निकाला गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के अंतिम छोर और ओडिशा सीमा से लगे मैनपुर ब्लॉक के गौरगांव पंचायत के झोलाराव गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां किसान के घर से यूरिया खाद की दो बोरियां चोरी करने के आरोप में ग्रामीणों ने दो युवकों को खुद ही सजा दे डाली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस को सौंपने के बजाय खुद सुनाया फैसला

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, झोलाराव गांव में प्रभु और कृष्णा नामक दो युवकों पर एक किसान के घर से यूरिया खाद की दो बोरियां चोरी करने का आरोप है। आरोप है कि दोनों युवक चोरी की गई बोरियों को बेचने की फिराक में थे, तभी ग्रामीणों ने उनकी घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। इसके बाद आरोपियों को पुलिस के हवाले करने के बजाय ग्रामीणों ने खुद ही कानून अपने हाथ में ले लिया।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकाला जुलूस

कथित सजा के तहत ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में पकड़े गए दोनों युवकों के कंधों पर रस्सी से यूरिया खाद की बोरियां बांध दीं। इसके बाद बाजे-गाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें पूरी बस्ती में पैदल घुमाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे तमाशबीन बनकर मौजूद रहे।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में बहस छिड़ गई है। हालांकि कुछ लोग इसे चोरी के खिलाफ ग्रामीणों की सख्ती मान रहे हैं, वहीं कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति पर आरोप साबित होने से पहले उसे कानून अपने हाथ में लेकर सजा देने का अधिकार किसी को नहीं है। फिलहाल, पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

Related