Local

दुर्ग में 6 साल की भतीजी से रेप और मर्डर: दोषी चाचा को फांसी की सजा

2026-09-12 05:07:00 bhaskar_hindi
दुर्ग में 6 साल की भतीजी से रेप और मर्डर: दोषी चाचा को फांसी की सजा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 6 साल की भतीजी के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में विशेष पॉक्सो कोर्ट ने सगे चाचा को फांसी की सजा सुनाई है। महज 17 महीने के भीतर वैज्ञानिक साक्ष्यों और डीएनए रिपोर्ट के आधार पर यह ऐतिहासिक फैसला आया है।


छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले 6 साल की बच्ची के रेप और मर्डर मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। विशेष पॉक्सो कोर्ट ने अपराध को साबित मानते हुए दोषी सगे चाचा को फांसी की सजा सुनाई है। यह सनसनीखेज वारदात करीब डेढ़ साल पहले 6 अप्रैल 2025 को कन्या पूजन के दिन हुई थी।

सगे चाचा ने दिया था वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया कि 24 वर्षीय आरोपी चाचा ने कन्या भोज के दौरान बच्ची को बहला-फुसलाकर छत पर बने अधूरे कमरे में ले गया था, जहां उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। आरोपी ने बच्ची की चीख दबाने के लिए उसका गला घोंटा और उसके शरीर को सिगरेट से दागा। इसके बाद उसने शव को पड़ोसी की पुरानी कार में छिपा दिया, जिससे कि पुलिस का शक पड़ोसी पर जाए, क्योंकि उनकी पुरानी रंजिश थी।

महज 17 महीने में आया फैसला

वारदात के बाद आरोपी पुलिस और परिजनों के साथ तलाश करने का नाटक करता रहा, लेकिन क्राइम ब्रांच के जवानों की नजर उसकी संदिग्ध हरकतों पर पड़ गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सदस्यीय SIT का गठन किया गया था। सुनवाई के दौरान कई गवाह मुकर गए, लेकिन डीएनए रिपोर्ट, सिगरेट से जलाने के निशान और अन्य वैज्ञानिक सबूतों ने केस को मजबूत बनाए रखा, जिसके आधार पर अदालत ने महज 17 महीने में यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया।

Related