Local

दुर्ग: एएसपी पर नाबालिग को रखने और बदसलूकी का आरोप, साली गिरफ्तार

2026-09-12 05:09:52 bhaskar_hindi
दुर्ग: एएसपी पर नाबालिग को रखने और बदसलूकी का आरोप, साली गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राजनांदगांव 8वीं बटालियन के एडिशनल एसपी पर 17 वर्षीय नाबालिग को अपने पास रखने और परिजनों को गुमराह करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने 10 दिन से लापता नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जबकि पूछताछ के दौरान अधिकारी की साली को पुलिसकर्मी से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।


छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गरमाया मामला

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में राजनांदगांव की 8वीं बटालियन में तैनात एडिशनल एसपी केबी सिंह पर एक 17 साल की नाबालिग को अपने पास रखने और उसके परिजनों को गुमराह करने का गंभीर मामला सामने आया है। अंडा थाना क्षेत्र के इस मामले में परिजनों ने आरोप लगाया है कि अधिकारी के घर काम करने के दौरान नाबालिग के साथ शराब के नशे में गलत व्यवहार किया जाता था।

30 अगस्त से थी नाबालिग लापता

परिजनों के मुताबिक, नाबालिग 30 अगस्त को घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। 4 सितंबर को अंडा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग पुलिस अधिकारी के संपर्क में थी। शक बढ़ने पर पुलिस ने अधिकारी के तालपुरी स्थित घर की तलाशी ली, जहां वे नहीं मिलीं। इसके बाद मामला दुर्ग एसपी तक पहुंचा और जांच दुर्ग ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा को सौंपी गई।

साली पर पुलिसकर्मी की उंगली काटने का आरोप

जांच के दौरान पुलिस को नाबालिग के भिलाई सेक्टर-8 स्थित अधिकारी की साली के घर होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम जब वहां पूछताछ करने पहुंची, तो महिला ने शासकीय कार्य में बाधा डाली, धक्का-मुक्की की और एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक की उंगली पर दांत से काटकर जख्मी कर दिया। भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कंट्रोल रूम पहुंचे अधिकारी और बरामदगी

महिला की गिरफ्तारी के बाद एडिशनल एसपी खुद बच्ची को लेकर दुर्ग पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा हुई। पुलिस ने फिलहाल नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है और उसकी काउंसलिंग के साथ बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related