दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र में गाय चराने के विवाद को लेकर एक युवक पर टंगिया से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मामूली सी बात पर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। गढ़मिरी अन्दोड़ीपारा में गाय चराने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लोहे के टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी भीमा मरकाम ने सुखराम मरकाम पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के गले और सिर पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल को कुआकोंडा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल दंतेवाड़ा रेफर कर दिया गया।
24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा आरोपी
मामला कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। थाना कुआकोंडा में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी भीमा मरकाम को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को 6 सितंबर को दंतेवाड़ा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह सफल कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे के मार्गदर्शन और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर की निगरानी में अंजाम दी गई। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भीमार्जुन नाथ तांडी और उनकी पुलिस टीम के जवानों की अहम भूमिका रही।