Politics

छत्तीसगढ़: मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ

2026-09-12 05:05:44 bhaskar_hindi
छत्तीसगढ़: मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ

छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के पुत्र ढाल दास ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है।


रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई और सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आधिकारिक निवास पर आयोजित तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान उन्हें कांग्रेस में प्रवेश कराया गया।

भूपेश बघेल ने पहनाई पगड़ी

कांग्रेस प्रवेश कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ढाल दास को पगड़ी पहनाकर और पार्टी का गमछा देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कई प्रमुख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। ढाल दास के पार्टी में शामिल होने के बाद से छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

एक ही परिवार में बंटे सियासी रास्ते

सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास का परिवार बाबा गुरु घासीदास की वंश परंपरा से जुड़ा है और इस परिवार का समाज में गहरा धार्मिक एवं राजनीतिक प्रभाव है। गुरु बालदास के चार बेटों—ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास—में ढाल दास सबसे बड़े हैं। मौजूदा समय में एक तरफ जहां खुशवंत साहब भाजपा सरकार में मंत्री हैं, वहीं दूसरी ओर उनके बड़े भाई ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने से एक ही परिवार के भीतर अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने का नया समीकरण बन गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम का असर आगामी चुनावों और सतनामी समाज के समीकरणों पर भी पड़ सकता है।

Related