केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक कार्यक्रम के दौरान पिछली भूपेश बघेल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कार्यक्रम में करीब 2 लाख नए पीएम आवासों में गृह प्रवेश कराया गया और कई विकास कार्यों की सौगात दी गई।
केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में पिछली भूपेश बघेल सरकार पर प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से पैसा आने के बावजूद मैचिंग ग्रांट न देने के कारण गरीबों के आवास अटक गए थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के करीब 2 लाख नए बने प्रधानमंत्री आवासों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया और चाبियां सौंपी। छत्तीसगढ़ को 4,000 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 3,65,159 अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवासों की सौगात मिली है। साथ ही, सक्ती जिले में एक नया कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा भी की गई।
बस्तर में आवास सर्वे की बढ़ी समय-सीमा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि बस्तर के नक्सलमुक्त क्षेत्रों में पात्र परिवारों को योजना का लाभ देने के लिए सर्वे की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार ने गरीबों को पक्का मकान देने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
सक्ती को 121.70 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
- 79.25 करोड़ रुपए के 23 कार्यों का भूमिपूजन।
- 42.46 करोड़ रुपए के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण।
- कृषि विज्ञान केंद्र और इंटीग्रेटेड फार्मिंग को बढ़ावा।
- 'धार अपार' और 'सुघ्घर बाड़ी' अभियान की शुरुआत।
इस भव्य कार्यक्रम में 'लखपति दीदी' योजना, महतारी वंदन योजना और ग्रामीण विकास की अन्य पहलों की भी समीक्षा की गई, जिससे प्रदेश के ग्रामीण अंचल में विकास की रफ्तार तेज होने का दावा किया गया है।